महाकवि चंदबरदाई

पृथ्वीराज रासो और राम-रावण युद्ध



            चंदबरदाई अजमेर और दिल्ली के अंतिम हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के दरबारी कवि और मित्र थे। इनका जन्म 30 सितंबर 1149 को राजस्थान में हुआ था। कुछ विद्वान इनका जन्म स्थान लाहौर मानते हैं। चंदबरदाई भाषा, व्याकरण, काव्य, साहित्य, छंदशास्त्र, ज्योतिष, पुराण, नाटक आदि विषयों के विद्वान थे। 
शहाबुद्दीन गौरी को पृथ्वीराज ने सोलह बार पराजित किया। सत्रहवें युद्ध में पृथ्वीराज पराजित हुआ। गौरी उसे बंदी बनाकर गजनी ले गया और उनकी आंखें निकाल ली। चंदबरदाई ने एक दोहा पढ़कर शब्दभेदी बाण के द्वारा पृथ्वीराज के हाथों गौरी का अंत करवाया। सन्1200 ई. में चंदबरदाई का निधन हुआ।
            चंदबरदाई हिंदी साहित्य के आदिकाल के सबसे महत्वपूर्ण कवि माने जाते हैं। इन्हें हिंदी का पहला कवि भी कहा जाता है। पृथ्वीराज रासो चंदबरदाई का प्रसिद्ध प्रबंध काव्य है। इसमें 69 अध्याय और 10,000 छंद हैं जिनमें पृथ्वीराज चौहान की शौर्यगाथा है। इसके लघु रूपांतर में 19 सर्ग और 3500 छंद हैं जो बीकानेर के अनूप संस्कृत पुस्तकालय में सुरक्षित है। इसी प्रबंध काव्य में चंदबरदाई ने रामकथा के कुछ प्रसंगों का भी वर्णन किया है। हिंदी में रामकथा का यह प्रथम और मौलिक वर्णन माना जाता है। विजयादशमी के अवसर पर प्रस्तुत है चंदबरदाई कृत पृथ्वीराज रासो में वर्णित राम-रावण युद्ध प्रसंग पर आधारित यह रचना-

        जब सु राम चढ़ि लंक,
        तब सु मच्छीगिरि तारिय।
        जब सु राम चढ़ि लंक,
        तब सु पत्थर जल धारिय।
        जब सु राम चढ़ि लंक,
        तब सु चक चक्की चाहिय।
        जब सु राम चढ़ि लंक,
        तब सु लंका पुर दाहिय।
        जब राम चढ़े दल बनरन,
        भिरन राम रावन परिय।
        भिर कुंभ मेघ राखिस रसन,
        सीत काम कारन करिय।

भावार्थ -जब भगवान श्रीराम ने लंका पर चढ़ाई की तब मैनाक पर्वत और पत्थर जल पर तैराए जाने लगे। धूलि उड़ने से दिन में ही रात्रि का भ्रम होने के कारण चक्रवाक दंपति एक दूसरे की प्रतीक्षा करने लगे। लंका जलाई जाने लगी और स्वयं राम के साथ इस पृथ्वी पर रावण, मेघनाद, कुंभकर्ण आदि राक्षसों का युद्ध हुआ। रावण के नाश को रामजी ने सीताजी को पाने का हेतु बनाया। 
   

गुरु गोविंदसिंह जी

अल्प अहार सुल्प सी निद्रा




गुरु गोविंदसिंह जी सिख धर्म के दसवें गुरु थे। इनका जन्म 15 दिसंबर सन् 1666 ई. को बिहार के पटना नगर में हुआ था। आप नौवें गुरु तेगबहादुर जी के पुत्र थे। आपको संस्कृत, फारसी, ब्रज आदि भाषाओं का ज्ञान था। अपने जन्म तथा प्रारंभिक वर्षों का गुरुजी ने अपने आत्मकथात्मक काव्य विचित्र नाटक में वर्णन किया है। गुरु गोविंदसिंह जी निरंजन, निराकार परमात्मा में विश्वास करते थे। इन्होंने खालसा पंथ की स्थापना की। इस पंथ में जात-पात का बंधन नहीं है। गुरुजी ने मनुष्य शरीरधारियों को गुरु बनाने की परम्परा समाप्त कर दी और आदेश दिया कि आदिग्रंथ साहिब को ही गुरु मानें। उन्होंने 40 रचनाओं का सृजन किया। वे स्वयं तो काव्य रचना करते ही थे, अपने संरक्षण में रहने वाले कवियों को भी काव्य सृजन के लिए प्रोत्साहित करते थे। आप एक सच्चे समाज सुधारक, और दूरदर्शी संत थे। गुरु गोविंदसिंह जी ने जीवन भर संघर्ष कर अन्याय और अत्याचार से लोगों को मुक्ति दिलाई। उनके चारों बेटे सच्चे धर्म के नाम पर बलिदान हो गए। उन्होने सन् 1708 ई. में देह त्याग दिया। प्रस्तुत है गुरु गोविंदसिंह जी का एक पद-

रे मन ऐसो करि सन्यास।
बन से सदन सबै करि समझहु,
मन ही माहिं उदास।
जत की जटा जोग की मंजनु,
नेम के नखन बढ़ाओ।
ग्यान गुरु आतम उपदेसहु,
नाम विभूति लगाओ।
अल्प अहार सुल्प सी निद्रा,
दया छिमा तन प्रीत।
सील संतोख सदा निरबाहिबो,
व्हैबो त्रिगुन अतीत।
काम क्रोध हंकार लोभ हठ,
मोह न मन सो ल्यावै,
तब ही आत्म तत्त को दरसै
परम पुरुष कहं पावै।

कवि रहीम

रहिमन धागा प्रेम का

            भक्तिकालीन हिंदी साहित्य में रहीम का महत्वपूर्ण स्थान है। रहीम का पूरा नाम अब्दुल रहीम ख़ानखाना था। ये अकबर के दरबार के नवरत्नों में से एक थे। रहीम, अकबर के अभिभावक बैरम ख़ां के बेटे थे। इनका जन्म 17 सितंबर 1556 ईस्वी को लाहौर में हुआ था। बैरम ख़ां की हत्या के बाद अकबर ने रहीम की मां सुल्ताना बेग़म से निकाह कर लिया था, इस प्रकार रहीम अकबर के सौतेले बेटे बन गए थे। रहीम अकबर के सेनापति भी थे। इन्हें हिन्दी, अरबी, तुर्की, संस्कृत, ब्रज, अवधी आदि कई भाषाओं का ज्ञान था। रहीम बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। ये कवियों के आश्रयदाता भी थे। केशव, आसकरन, मंडन, नरहरि और गंग जैसे कवियों ने इनकी प्रशंसा की है। रहीम की दानशीलता प्रसिद्ध है। अकबर के दरबारी कवि गंग के दो छंदों पर प्रसन्न होकर रहीम ने उन्हें 36 लाख रुपये दे दिए थे। 
            रहीम के काव्य में नीति, भक्ति, प्रेम, श्रृंगार आदि के छंदों का समावेश है। इनकी 11 रचनाएं प्राप्य हैं। दोहावली में रहीम के 300 दोहे संग्रहित हैं। 70 वर्ष की उम्र में सन् 1626 ईस्वी में इनका देहावसान हुआ। रहीम का मकबरा दिल्ली में हुमायुं के मकबरे के समीप है।
            प्रस्तुत है, रहीम के कुछ नीति विषयक दोहे-

रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो चटकाय,
टूटे से फिर ना जुड़े, जुड़े तो गांठ परि जाय।


रहिमन कठिन चितान ते, चिंता को चित चेत,
चिता दहति निर्जीव को, चिंता जीव समेत।


रहिमन तब लगि ठहरिए, दान  मान   सनमान,
घटत मान देखिय जबहिं, तुरतहि करहिं पयान।


आब गई आदर  गया,  नैनन  गया सनेह,
ये तीनों तबही गए, जबहि कहा कछु देह।


रहिमन  विपदा  हू  भली,  जो  थोरे  दिन   होय,
हित अनहित या जगत में, जानि परत सब कोय।


रहिमन निज मन की व्यथा, मन ही राखो गोय,
सुन   इठलैहैं  लोग  सब,  बांट  न  लइहैं  कोय।


रूठे  सुजन  मनाइये,  जो  रूठे  सौ   बार,
रहिमन फिर फिर पोहिये, टुटे मुक्ताहार।


चाह  गई  चिंता   मिटी,   मनुआ   बेपरवाह,
जिनको कछु नहिं चाहिये, वे साहन के साह।