Showing posts with label संत-चर्चा. Show all posts
Showing posts with label संत-चर्चा. Show all posts

प्रेम दीवाने जो भए



भक्तिमती सहजोबाई

            प्रसिद्ध संत कवि चरणदास की शिष्या भक्तिमती सहजोबाई का जन्म 25 जुलाई 1725 ई. को दिल्ली के परीक्षितपुर नामक स्थान में हुआ था। इनके पिता का नाम हरिप्रसाद और माता का नाम अनूपी देवी था। ग्यारह वर्ष की आयु में सहजो बाई के विवाह के समय एक दुर्घटना में वर का देहांत हो गया। उसके बाद उन्होंने संत चरणदास का शिष्यत्व स्वीकार कर लिया और आजीवन ब्रह्मचारिणी रहीं। सहजो बाई चरणदास की प्रथम शिष्या थीं। इन्होंने अपने गुरु से ज्ञान, भक्ति और योग की विद्या प्राप्त की।
            कवयित्री और साधिका सहजोबाई के जीवन काल में ही उनके साहित्य का प्रचार-प्रसार देश के विभिन्न क्षेत्रों, दिल्ली, राजस्थान, बुंदेलखंड और बिहार में हो चुका था। इनके द्वारा लिखित एकमात्र ग्रंथ ‘सहज प्रकाश‘ का प्रकाशन सन् 1920 में हुआ तथा इसका अंग्रेजी अनुवाद 1931 में प्रकाशित हुआ। सहजो बाई की रचनाओं में प्रगाढ़ गुरु भक्ति, संसार की ओर से पूर्ण विरक्ति, साधुता, मानव जीवन, प्रेम, सगुण-निर्गुण भक्ति, नाम स्मरण आदि विषयक छंद, दोहे और कुडलियां संकलित हैं।
सहजो बाई ने हरि से श्रेष्ठ गुरु को माना है। निम्न पंक्तियों में उन्होंने गुरु की अपेक्षा राम को त्यागने का उल्लेख किया है-
राम तजूं मैं गुरु न बिसारूं,
गुरु के सम हरि को न निहारूं।
हरि ने जन्म दियो जग माहीं,
गुरु ने आवागमन छुड़ाही।
                24 जनवरी सन् 1805 ई. को भक्तिमती सहजो बाई ने वृंदावन में देहत्याग किया। प्रस्तुत है, सहजो बाई के कुछ  नीतिपरक दोहे-

सहजो जीवत सब सगे, मुए निकट नहिं जायं,
रोवैं स्वारथ आपने, सुपने देख डरायं।


जैसे संडसी लोह की, छिन पानी छिन आग,
ऐसे दुख सुख जगत के, सहजो तू मत पाग।


दरद बटाए नहिं सकै, मुए न चालैं साथ,
सहजो क्योंकर आपने, सब नाते बरबाद।


जग देखत तुम जाओगे, तुम देखत जग जाय,
सहजो याही रीति है, मत कर सोच उपाय।


प्रेम दीवाने जो भए, मन भयो चकनाचूर,
छकें रहैं घूमत रहैं, सहजो देखि हजूर।


सहजो नन्हा हूजिए, गुरु के वचन सम्हार,
अभिमानी नाहर बड़ो, भरमत फिरत उजाड़।


बड़ा न जाने पाइहे, साहिब के दरबार,
द्वारे ही सूं लागिहै, सहजो मोटी मार।


साहन कूं तो भय घना, सहजो निर्भय रंक,
कुंजर के पग बेड़ियां, चींटी फिरै निसंक।

भक्तकवि सूरदास

सबसे ऊंची प्रेम सगाई



मध्यकालीन भक्त कवियों में सूरदास शीर्षस्थ हैं। इनका जन्म संवत 1540 में हुआ था। विवाह के कुछ समय उपरांत ये विरक्त हो गए और भगवद्भक्ति की इच्छा से यमुना के तटवर्ती गांव गउघाट के निवासी हो गए। वृंदावन तीर्थयात्रा के समय सूरदास जी की भेंट महाप्रभु वल्लभाचार्य से हुई। वल्लभाचार्य ने सूरदास को दीक्षा दी और तब से वे कृष्ण लीला का गायन करने लगे। सूरदास से एक बार मथुरा में तुलसीदास की भेंट हुई। सूर से प्रभावित होकर तुलसीदास ने श्रीकृष्ण गीतावली की रचना की। 
अपने पदों के द्वारा अपने आराध्य श्रीकृष्ण की माधुरी लीला को दृश्यमान बनाने में सूर की सफलता अनुपम है। काशी नागरी प्रचारिणी सभा के शोध के अनुसार सूरदास रचित ग्रंथों की सुख्या 25 मानी जाती है, किंतु उनके तीन ही ग्रंथ उपलब्ध हो पाए हैं- सूरसागर, सूरसारावली और साहित्यलहरी। संतकवि शिरोमणि सूरदास जी के संबंध में यह दोहा प्रसिद्ध है-
सूर सूर तुलसी शशि, केशव उडुगनदास।
अबके कवि खद्योत सम, जंह तंह करत प्रकाश।
प्रसिद्ध साहित्यकार अमृतलाल नागर ने सूरदास जी के जीवन-वृत्त पर आधारित ‘खंजन नयन‘ नामक एक बहुचर्चित उपन्यास लिखा है। सूरदास ने गोवर्धन के निकट परसौली ग्राम में संवत 1640 में अपना प्रणोत्सर्ग किया। प्रस्तुत है इनका एक प्रसिद्ध पद-
      
           सबसे ऊंची प्रेम सगाई।
        दुर्योधन को मेवा त्यागो,
        साग विदुर घर खाई।
        जूठे फल सबरी के खाए,
        बहु बिध प्रेम लगाई।
        प्रेम के बस अर्जुन रथ हांक्यो,
        भूल गए ठकुराई।
        ऐसी प्रीत बढ़ी बृंदाबन,
        गोपिन नाच नचाई।
        सूर क्रूर इस लायक नाहीं,
        कहं लग करै बड़ाई। 

महाकवि तुलसीदास

जगत जननि दामिनि दुति माता




गोस्वामी तुलसीदास जी विश्ववंद्य संत कवि हैं। इन्हें महाकवि बाल्मीकि का अवतार भी माना जाता है। इनका जन्म संवत 1532 में उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के राजापुर गांव में हुआ था। पत्नी रत्नावली के द्वारा उलाहना दिए जाने पर इन्होंने गृह त्याग दिया। 14 वर्षों तक ये भारत के विभिन्न तीर्थ स्थलों का भ्रमण करते रहे। हनुमान जी की कृपा से उन्हें भगवान श्रीराम के दर्शन हुए और उसके बाद तो उन्होंने सारा जीवन श्रीराम की भक्ति में बिताया। तुलसीदास जी ने 12 पुस्तकें लिखी जिनमें श्री राम चरित मानस संसार भर में प्रसिद्ध है। दूसरी प्रसिद्ध रचना है-विनय पत्रिका। तुलसीदास जी कुछ समय अयोध्या में रहने के बाद वाराणसी आ गए थे। उुन्होंने वाराणसी के असीघाट पर संवत 1623 में अपने प्राण का विसर्जन किया।
नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रस्तुत है गोस्वामी तुलसी दास जी विरचित श्री रामचरित मानस से उद्धरित मां दुर्गा की पावन स्तुति-

जय जय गिरिबरराज किसोरी,
जय महेस मुख चंद चकोरी।
जय गजवदन षडानन माता,
जगत जननि दामिनि दुति माता।
नहि तव आदि मध्य अवसाना,
अमित प्रभाउ बेदु नहीं जाना।
भव भव विभव पराभव कारिनि,
बिस्व बिमोहनि स्वबस बिहारिनि।
पतिदेवता  सुतीय  महुं ,  मातु  प्रथम  तव  रेख।
महिमा अमित न सकहि कहि, सहस सारदा सेष।
सेवत तोहि सुलभ फल चारी,
बरदायनी पुरारि पिआरी।
देवि पूजि पद कमल तुम्हारे,
सुर नर मुनि सब होहिं सुखारे।


मीराबाई

मीरा के प्रभु गिरधर नागर


भक्त कवयित्रियों में मीराबाई का नाम अग्रगण्य है। इनका जन्म विक्रम संवत 1561 में मारवाड़ के मेड़ता गांव में हुआ था । इनके पिता का नाम रतनसिंह राठौर था। मीराबाई के शैशवकाल में ही इनकी माता का स्वर्गवास हो गया था। मीराबाई का लालन-पालन कुड़की गांव में रहने वाली उनकी मौसी ने किया। ये अपने माता-पिता की इकलौती संतान थीं। सम्वत 1573 में इनका विवाह राणा सांगा के पुत्र भोजराज से हुआ था। विवाह के 7-8 वर्ष पश्चात भोजराज की मृत्यु हो गई थी।
मीराबाई के निर्माण में उनकी जीवन परिस्थितियों ने मनोवैज्ञानिक योगदान किया। माता, भाई, बहन और पति के प्यार से वंचिता मीराबाई ने गिरधर गोपाल को ही अपना सर्वस्व मान लिया। एक जन श्रुति है कि एक बारात के दूल्हे को देखकर अबोध बच्ची मीरा माता से पूछ बैठी-‘मेरा वर कौन है ?‘ माता ने उसका कौतूहल शांत करने के लिए गिरधर की मूर्ति की ओर संकेत कर दिया। बस तभी से मीरा ने अपने मन-प्राणों में गिरधर को बसा लिया। भक्त मीराबाई का देहावसान अनुमानतः संवत 1630 के लगभग हुआ था। 
मीराबाई के लगभग 500 भक्तिपद प्राप्य हैं। मीराबाई की विशिष्टता इस बात में है कि उन्होंने कृष्ण भक्ति को ही अपना साधन और साध्य बनाया, किसी दार्शनिक या साम्प्रदायिक मतवाद का अनुसरण उन्होंने नहीं किया। प्रस्तुत है, मीराबाई के दो पद-

1
पायो जी मैंने राम रतन धन पायो।
वस्तु अमोलक दी मेरे सतगुरु, किरपा करि अपनायो।
जनम जनम की पूंजी पाई, जग में सबै खोवायो।
खरचै न कोई चोर न लेवे, दिन दिन बढ़त सवायो।
सत की नाव खेवटिया सतगुरु, भवसागर तरि आयो।
मीरा के प्रभु गिरधर नागर, हरख हरख जस गायो।


2
आली रे मेरे नैनन बान पड़ी।
चित्त चढ़े मेरे माधुरि मूरत, उर बिच आन पड़ी।
कब की ठाड़ी पंथ निहारूं, अपने भवन खड़ी।
कैसे प्राण पिया बिन राखूं, जीवन मूर जड़ी ।
मीरा गिरधर हाथ बिकानी, लोग कहै बिगड़ी।

संत रविदास



संत रविदास या रैदास मध्ययुग के महान संतकवि थे। इनका जन्म काशी के निकट मंडूर नामक स्थान में विक्रम संवत 1456 को हुआ था। उन्होंने विधिवत कोई शिक्षा प्राप्त नहीं की किंतु अपने अनुभव, भ्रमण और सत्संग से ही सब कुछ सीखा। संत रविदास ने अपने जीवन काल में ही सिद्धि प्राप्त कर धर्मोपदेशक के रूप में यश अर्जित कर लिया था। गुरुग्रंथ साहिब में उनके 40 पद उसी मौलिक स्वरूप में संग्रहित हैं। इनका देहावसान विक्रम संवत 1584 को हुआ। प्रस्तुत है इनका एक प्रसिद्ध पद -

प्रभु जी, तुम चंदन हम पानी,
जाकी अंग अंग बास समानी।


प्रभु जी, तुम घन बन हम मोरा, 
जैसे चितवत चंद चकोरा ।


प्रभु जी, तुम दीपक हम बाती,
जा की जोत बरै दिन राती।


प्रभु जी, तुम मोती हम धागा,
जैसे सोनहि मिलत सोहागा।


प्रभु जी, तुम स्वामी हम दासा,
ऐसी   भक्ति    करै    रैदासा।

संत सुंदरदास जी


संत सुंदरदास प्रसिद्ध महात्मा दादूदयाल जी के शिष्य थे। इनका जन्म किक्रम संवत 1653 में राजस्थान के द्यौसा नामक स्थान में हुआ था। इन्होंने वि.सं. 1746 में देहत्याग किया। इनकी रचनाओं में नैतिकता और मानव के गुणों का अच्छा चित्रण है। प्रस्तुत है संत सुंदरदास जी का एक छंद -

वाणी का महत्व

बचन तें दूर मिलै, बचन विरोध होइ,
बचन तें राग बढ़े, बचन तें दोष जू।


बचन तें ज्वाल उठै, बचन सीतल होइ,
बचन तें मुदित होय, बचन ही तें रोष जू।


बचन तें प्यारौ लगै, बचन तें दूर भगै,
बचन तें मुरझाय, बचन तें पोष जू।


सुंदर कहत यह, बचन को भेद ऐसो,
बचन तें बंध होत, बचन तें मोच्छ जू।

संत मलूक दास



मध्यकाल के संत कवियों ने भक्तिपरक काव्य के साथ-साथ नीति विषयक पदों की भी रचना की है। आज प्रस्तुत है संत मलूक दास जी के कुछ नीतिपरक दोहे। इनका जन्म इलाहाबाद जिले के कड़ा नामक स्थान में विक्रम संवत 1631 को हुआ था और देहावसान विक्रम संवत 1739 में हुआ था ।


भेष फकीरी जे करै, मन नहिं आवै हाथ।
दिल फकीर जे हो रहे, साहेब तिनके साथ।।


दया धर्म हिरदे बसे, बोले अमृत बैन।
तेई उंचे जानिए, जिनके नीचे नैन।।


इस जीने का गर्व क्या, कहां देह की प्रीत।
बात कहत ढह जात है, बारू की सी भीत।।


आदर मान महत्व सत, बालापन को नेह।
यह चारों तब ही गए, जबहि कहा कछु देह।।


मलूक वाद न कीजिए, क्रोधे देव बहाय।
हार मानु अनजान तें,बक बक मरे बलाय।।


देही होय न आपनी, समझु परी है मोहि।
अबहीं तैं तजि राख तू, आखिर तजिहैं तोहि।।

संत कबीर


संत कबीर की रचनाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी वे अपने समय में थीं। उनकी कालजयी रचनाएं आज भी मानव जाति के लिए उपयोगी और अनुकरणीय हैं। प्रस्तुत है संत कबीर के कुछ दोहे -

साधु संतोषी सर्वदा, निर्मल जिनके बैन।
तिनके दरसन परसतें, जिय उपजे सुख चैन ।।

शीलवंत सबसों बड़ा, सब रतनों की खानि।
तीन लोक की संपदा, रही शील में आनि।।

ज्ञानी ध्यानी संयमी, दाता सूर अनेक।
जपिया तपिया बहुत है, शीलवंत कोइ एक।।

साधू मेरे सब बडे़, अपनी अपनी ठौर।
शब्द विवेकी पारखी, वे माथे के मौर।।

दीन गरीबी बंदगी, सब सों आदर भाव।
कहै कबीर तेही बड़ा, जामे बड़ा सुभाव।।

मूरख को समुझावता, ज्ञान गांठि का जाय।
कोयला होय न उजला, सौ मन साबुन लाय।।

संगति सो सुख उपजे, कुसंगति सो दुख जोय।
कह कबीर तहं जाइए, साधु संग जंह होय।।

आरम्भ

अपने इस ब्लाग पर मैं आरम्भ में हिंदी साहित्य के कुछ प्राचीन महाकवियों की रचनाओं को पोस्ट करूंगा। यदा कदा मैं अपनी रचनाओं को भी सम्मिलित करूंगा। आज प्रस्तुत है संत कवि कबीर की एक रचना-

तलफै बिन बालम मोर जिया।
दिन नहिं चैन रात नहिं निंदिया, तलफ तलफ के भोर किया।
तन-मन मोर रहट अस डोले, सून सेज पर जनम छिया।
नैन चकित भए पंथ न सूझै, सोइ बेदरदी सुध न लिया।
कहत कबीर सुनो भइ साधो, हरी पीर दुख जोर किया।